संतकबीर नगर। धनघटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव सिवान के दक्षिण, नदी के किनारे बुधवार की दोपहर में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की नदी में डूब कर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि व्यक्ति शौच के बाद नदी के किनारे गया। वह जैसे ही नदी के किनारे बैठा नदी का करारा टूट गया और वह जल में समा गया। कुछ देर बाद नदी की लहरों ने उसे किनारे लगा दिया। लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि मृतक महेन्द्र पुत्र हरिवंश निसाद डेबरी गांव का रहने वाला था। बुधवार को करीब 8 बजे वह घर से दौलतपुर तरबूज और खरबूज खरीदने गया था। वह तरबूज खरीद कर गांव- गांव में घूमकर बेचना चाहता था। जिससे इस संकट की घड़ी में वह कुछ पैसे कमा सके। मगर होनी को कुछ और ही मंजूर था। मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो- रो बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जेे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नदी में डूबने से मौत